Monday, October 19th, 2026

नए सिरे से होगा SGFI का चुनाव, राष्ट्रीय खेल विकास संहिता का हुआ था उल्लंघन

नई दिल्ली
खेल मंत्रालय ने भारतीय स्कूल खेल महासंघ (एसजीएफआई) को नए सिरे से चुनाव कराने के लिए कहा है। मंत्रालय ने अपने एक पत्र में कहा कि इन चुनावों में भारतीय राष्ट्रीय खेल विकास संहिता (एनएसडीसीआई) 2011 के आदर्श चुनाव दिशानिर्देशों के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ था। इस संहिता के अनुसार चुनाव अधिकारी की नियुक्ति करने का अधिकार सबंधित महासंघ के अध्यक्ष को होता है। बता दें कि एसजीएफआई के अध्यक्ष दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार हैं।

भारत सरकार में उप सचिव एसपीएस तोमर ने पत्र में कहा, 'चुनाव अधिकारी नियुक्त करने से लेकर चुनाव की पूरी प्रक्रिया एसजीएफआई के अध्यक्ष से मंजूरी के बिना संपन्न हुई जो कि एनएसडीसीआई 2011 का उल्लंघन है।' इसमें कहा गया है, 'इसलिए आपसे भारतीय राष्ट्रीय खेल विकास संहिता 2011 के आदर्श चुनाव दिशानिर्देशों के प्रावधानों के अनुसार फिर से चुनाव कराने का अनुरोध किया जाता है।'

बता दें कि एसजीएफआई ने दिसंबर 2020 में कराए गए चुनावों में राष्ट्रीय खेल संहिता का उल्लंघन किया था। एसजीएफआई ने पिछले साल 19 और 30 दिसंबर को सेवानिवृत न्यायाधीश सैयद जफर हुसैन की निगरानी में तमिलनाडु के नागपट्टिनम में अपनी वार्षिक आम बैठक में चुनाव कराए थे।

 

Source : Agency

पाठको की राय